Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के पितकी रेलवे फाटक ओवरब्रिज के नीचे पुलिसकर्मियों पर वाहन चालकों से अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। आरोप है कि पुलिस ने एक वाहन का पीछा कर उसे ओवरब्रिज के नीचे रोका और उससे पैसे की मांग की। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस तरह की घटनाओं से आम लोगों का पुलिस पर भरोसा कमजोर होता है। उनका कहना है कि यदि वर्दी की आड़ में इस तरह की वसूली हो रही है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सूत्रों के अनुसार, मामले में शामिल चालक और चौकीदार के चांडिल थाना से जुड़े होने की चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
थाना प्रभारियों ने क्या कहा
मामले को लेकर चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने कहा कि पितकी फाटक नीमडीह थाना क्षेत्र में पड़ता है। उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है। हालांकि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित पुलिसकर्मी किस थाना क्षेत्र के हैं और वाहन को किस कारण रोका गया था। वहीं नीमडीह थाना प्रभारी डील्सन बिरुआ ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे पुलिसकर्मी उनके थाना क्षेत्र के नहीं हैं।
पितकी रेलवे फाटक राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर स्थित है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। रेलवे फाटक बार-बार बंद होने के कारण यहां अक्सर 5 से 6 किलोमीटर तक लंबा जाम लग जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़ और जाम का फायदा उठाकर पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं।
निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिला पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।