"कैप नंबर 278 अब विदा ले रही है" – रहाणे का भावुक संदेश
अजिंक्य रहाणे ने अपने वीडियो संदेश में देश के लिए खेलने के सफर को याद करते हुए गहरा आभार जताया. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनना और मैदान पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे गर्व भरा अनुभव रहा. रहाणे ने फैंस, कोच और साथी खिलाड़ियों के समर्थन का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा कि टीम इंडिया की कैप नंबर 278 अब हमेशा के लिए विदा ले रही है और वह इस यात्रा की हर एक याद को अपने दिल में संजोकर रखेंगे.
लंबे समय से राष्ट्रीय टीम से चल रहे थे बाहर
36 वर्षीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे पिछले कुछ समय से भारतीय चयनकर्ताओं की योजनाओं से बाहर चल रहे थे. उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था. वनडे फॉर्मेट की बात करें तो वह आखिरी बार 2018 में भारतीय टीम में नजर आए थे, जबकि टी20 इंटरनेशनल में उनका आखिरी मैच साल 2016 में था. घरेलू क्रिकेट में लगातार खेलने के बावजूद उन्हें राष्ट्रीय टीम में दोबारा वापसी का मौका नहीं मिल पा रहा था.
विदेशी पिचों पर संकटमोचक बनकर उभरे रहाणे
अजिंक्य रहाणे का अंतरराष्ट्रीय करियर बेहद शानदार और उपलब्धियों से भरा रहा. खासतौर पर विदेशी दौरों पर मुश्किल परिस्थितियों में खेली गई उनकी पारियों ने भारत को कई ऐतिहासिक जीत दिलाईं. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मेलबर्न टेस्ट में कप्तानी करते हुए उनका शतक और सीरीज में मिली जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास के यादगार पलों में गिनी जाती है. बेहतरीन तकनीक और शांत स्वभाव के मालिक रहाणे सालों तक टेस्ट टीम के मध्यक्रम की मजबूत रीढ़ बने रहे.