Koderma: कोडरमा जिले के डोमचांच नगर पंचायत अंतर्गत शहीद चौक स्थित सिंगलोडीह गांव में गुरुवार को एक बेहद भावुक करने वाली घटना सामने आई। वर्षों तक जीवन का हर सुख-दुख साथ बांटने वाले एक दंपती का रिश्ता मृत्यु के बाद भी नहीं छूटा। पत्नी के देहांत के महज कुछ ही घंटे बाद पति ने भी दम तोड़ दिया। एक ही घर से एक साथ दो अर्थियां निकलने से पूरा गांव शोक में डूब गया।
लंबे समय से बीमार थीं सुधा देवी
परिजनों ने बताया कि 55 वर्षीय सुधा देवी काफी समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका इलाज जारी था। गुरुवार को उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से परिवार में गहरा शोक छा गया।
पत्नी के बिछड़ने का सदमा नहीं सह सके ओमप्रकाश पोद्दार
पत्नी की मौत की खबर ने 60 वर्षीय ओमप्रकाश पोद्दार को अंदर तक झकझोर कर रख दिया। परिजनों ने उन्हें संभालने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह जीवनसंगिनी के बिछड़ने का गम बर्दाश्त नहीं कर पाए और कुछ ही घंटों के भीतर उनकी भी हृदय गति रुकने से मौत हो गई।
एक साथ निकली अंतिम यात्रा, नम हुईं ग्रामीणों की आंखें
एक ही घर में लगातार दो मौतों की खबर फैलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। रिश्तेदार, परिचित और ग्रामीण दिवंगत दंपती के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। इसके बाद पूरे विधि-विधान और गांव वालों की मौजूदगी में दोनों की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई। जीवनभर साथ निभाने वाले इस दंपती के अटूट प्रेम और एक साथ दुनिया से अलविदा कहने की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।