Gumla News: भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत गुमला जिले ने तय समय से पहले बड़ी उपलब्धि हासिल की है. जिले की तीनों विधानसभा सीटों में गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूरी कर ली गई है. जिला प्रशासन ने इसे निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और प्रभावी समन्वय का परिणाम बताया है.
995 मतदान केंद्रों पर पूरा हुआ अभियान
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो के नेतृत्व में जिले के सभी 995 मतदान केंद्रों पर अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया. प्रशासन के अनुसार, कुल 8,07,572 गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया पूरी की गई. इनमें 7,00,800 प्रपत्रों का डिजिटलीकरण किया गया, जबकि 1,06,818 प्रपत्रों का सत्यापन कर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार "Verified Uncollectable" श्रेणी में शामिल किया गया.
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 100 प्रतिशत कार्य पूरा
जिला प्रशासन के अनुसार, 67-सिसई, 68-गुमला और 69-बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्रों में सभी गणना प्रपत्रों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. तीनों क्षेत्रों में डिजिटलीकरण और सत्यापन का कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा होने पर जिला प्रशासन ने संतोष जताया है.
उपायुक्त ने टीम को दी बधाई
उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ, बीएलए और अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली के कारण यह लक्ष्य समय से पहले हासिल किया जा सका.
5 अगस्त को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची
उपायुक्त ने बताया कि SIR-2026 के अगले चरण में 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी. इनका निस्तारण 3 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी.
निर्धारित समय पर पूरी होगी आगे की प्रक्रिया
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने कहा कि पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से समय पर पूरा करना प्राथमिकता होगी.