लगभग सभी मतदाताओं तक पहुंचा फॉर्म
निर्वाचन विभाग के अनुसार राज्य में कुल 2,64,63,236 पंजीकृत मतदाता हैं. इनमें से 2,64,61,801 मतदाताओं तक इन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाया जा चुका है, जो करीब 99.99 प्रतिशत कवरेज है. विभाग ने यह भी बताया कि अब तक 2,63,76,457 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है.
इन्हीं मतदाताओं के नाम होंगे ड्राफ्ट सूची में
विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 2,20,20,994 मतदाताओं के भरे हुए और हस्ताक्षरित फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं. 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में फिलहाल इन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे. ऐसे में जिन लोगों ने अब तक फॉर्म जमा नहीं किया है, उनके लिए आज अंतिम अवसर है.
कई फॉर्म अब भी लंबित, विभाग ने की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार 31 विधानसभा क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरी तरह पूरा हो चुका है, जबकि शेष 50 विधानसभा क्षेत्रों में यह प्रक्रिया 97 से 99 प्रतिशत तक पहुंच गई है. विभाग के बुलेटिन के अनुसार 43,55,463 फॉर्म अब भी वापस नहीं मिले हैं. इनमें मृत मतदाता, सत्यापन के दौरान अनुपस्थित मिले लोग, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके मतदाता, अन्य स्थान पर पहले से पंजीकृत मतदाता और फॉर्म पर हस्ताक्षर से इनकार करने वाले लोग शामिल हैं. निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे 29 जुलाई तक अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म हर हाल में जमा कर दें, ताकि उनका नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल हो सके.