Ranchi News: राजधानी रांची में देर रात सार्वजनिक स्थानों पर जुटने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लोअर बाजार थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. मंगलवार रात थाना प्रभारी लव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कांटाटोली के वाईएमसीए गली, कुरैशी मोहल्ला और आसपास के इलाकों में पैदल गश्त कर स्थिति का जायजा लिया.
देर रात पुलिस की सख्त निगरानी
अभियान के दौरान पुलिस ने उन स्थानों को चिन्हित किया, जहां अक्सर देर रात लोगों की भीड़ जुटने की शिकायत मिलती रही है. टीम ने बेवजह खड़े लोगों से पूछताछ की और उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जमावड़ा नहीं लगाने की हिदायत दी.
चेतावनी के साथ बढ़ाई निगरानी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी स्थान पर दोबारा अड्डेबाजी या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां मिलीं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अभियान के दौरान पूरे इलाके में लगातार निगरानी रखी गई.
थाना प्रभारी लव सिंह ने कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.