Jamshedpur News: जमशेदपुर के टेल्को थाना में वरीय पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार देर रात औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, रात्रि गश्त और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। SSP ने पुलिस टीम को अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर
SSP ने रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रात्रि में तैनात टैंगो मोबाइल, पीसीआर और थाना गश्ती दल को पूरी सतर्कता के साथ गश्त करनी चाहिए, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
संदिग्ध इलाकों पर रखी जाएगी कड़ी नजर
SSP ने निर्देश दिया कि थाना क्षेत्र के उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जहां अड्डेबाजी होती है या असामाजिक तत्वों के जुटने की आशंका रहती है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखकर समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ड्रग्स, जुआ और लॉटरी के खिलाफ अभियान तेज होगा
निरीक्षण के दौरान SSP ने ड्रग्स, जुआ और लॉटरी के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नियमित निरीक्षण और निगरानी जारी रहेगी, ताकि लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके।