Bokaro News : बोकारो एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ान शुरू होने की संभावनाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। मंगलवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी के सिविल एविएशन के मैनेजिंग डायरेक्टर एस.के. सिन्हा बोकारो पहुंचे और बोकारो स्टील प्रबंधन के अधिकारियों तथा बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा के साथ एयरपोर्ट स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।
90 प्रतिशत काम पूरा, लाइसेंस मिलते ही शुरू होगी उड़ान
मैनेजिंग डायरेक्टर एस.के. सिन्हा ने कहा कि एयरपोर्ट का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि यहां से जल्द व्यावसायिक उड़ान शुरू करने की योजना है। उनका कहना था कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से लाइसेंस मिलते ही एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
बची हुई बाधाओं को भी किया जा रहा दूर
बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि एयरपोर्ट का लगभग पूरा कार्य पूरा हो चुका है और जो छोटी-मोटी बाधाएं बची हैं, उन्हें भी दूर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर मौजूद उपकरणों और अन्य सामान की सुरक्षा एवं रखरखाव के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
यारी
उपायुक्त ने कहा कि एयरपोर्ट संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। प्रशासन सभी आवश्यक प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है, ताकि लाइसेंस मिलने के बाद व्यावसायिक उड़ानें बिना किसी बाधा के शुरू की जा सकें।