IndiGo Emergency Landing: दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में सोमवार को अचानक हड़कंप मच गया. उड़ान के दौरान विमान के कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखाई दिया. तुरंत इमरजेंसी घोषित की गई और विमान को राजकोट के हीरासर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया. फ्लाइट में सवार सभी 194 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.
दोपहर 2:45 बजे विमान में इमरजेंसी घोषित की गई. इसके बाद फ्लाइट को राजकोट के हीरासर एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां दोपहर 3:27 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. इमरजेंसी की स्थिति करीब 42 मिनट तक बनी रही.
विमान के उतरते ही यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. फिलहाल कार्गो होल्ड में धुआं उठने की वजह की जांच की जा रही है. राजकोट एयरपोर्ट के निदेशक दिगंत बोरा ने बताया कि दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट को कार्गो होल्ड में धुआं दिखने के बाद राजकोट में उतारा गया. उन्होंने कहा कि विमान सुरक्षित उतरा और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं.
यह उड़ान एयरबस A321 विमान से संचालित की जा रही थी. इमरजेंसी के दौरान किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य बचाव दल पहले से तैनात कर दिए गए थे. इसी महीने बेंगलुरु में इंडिगो की एक फ्लाइट में बम होने की सूचना देने वाली पर्ची मिलने से भी हड़कंप मच गया था. हालांकि जांच में वह सूचना झूठी निकली थी.
खराब मौसम के कारण चाइना सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट भी डायवर्ट
उधर, खराब मौसम के कारण चाइना सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट भी डायवर्ट की गई. ग्वांगझू से काठमांडू जा रहे एयरबस A320neo विमान को मौसम खराब होने के कारण लखनऊ भेजा गया. एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक विमान रविवार रात 11:18 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा. इस फ्लाइट में 159 यात्री सवार थे. मौसम सामान्य होने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की गई.