Seraikela: सरायकेला जिले में अपराध और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी लगातार एक्शन मोड में हैं। एसपी लगातार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। इस दौरान वे थाना की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की स्थिति और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।
लंबित मामलों की समीक्षा, जल्द निष्पादन का निर्देश
थाना निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुराने और लंबित कांडों की फाइलों की जांच की। उन्होंने थाना प्रभारियों से प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि आम लोगों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी मामले में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
अपराध नियंत्रण को बताया पहली प्राथमिकता
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी थाना क्षेत्र में अपराध बढ़ने या पुलिस की लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्राइम कंट्रोल को लेकर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
नशे के कारोबार पर कार्रवाई के लिए बनी विशेष टीम
एसपी ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम ड्रग्स और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने का प्रयास किया जाएगा।
लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी होगी कार्रवाई
एसपी ने पुलिसकर्मियों को भी चेतावनी दी है कि अगर कोई जवान या अधिकारी अपराध या नशे के कारोबार में किसी तरह की संलिप्तता में पाया जाता है, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी है। किसी भी तरह की अनुशासनहीनता या गलत गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
औचक निरीक्षण अभियान रहेगा जारी
एसपी के लगातार निरीक्षण और सख्त निर्देशों से जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि थाना निरीक्षण का अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी थाना क्षेत्रों की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी।