Ranchi News : सार्वजनिक परीक्षा संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि नया कानून लाकर सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है।
"पेपर लीक रोकने में विफल रही सरकार"
राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में कई बड़ी भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उनका कहना है कि अब सरकार नया कानून लाकर खुद को पारदर्शी और जवाबदेह दिखाने का प्रयास कर रही है, जबकि असली समस्या व्यवस्था की है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पहले से कानून मौजूद था, तो NEET समेत कई भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर बार-बार कैसे लीक हुए। उनके अनुसार, समस्या कानून की कमी नहीं, बल्कि उसके प्रभावी क्रियान्वयन और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने की है।
"निष्पक्ष भर्ती और सख्त कार्रवाई की जरूरत"
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भी विफल रही है। उन्होंने कहा कि जब तक परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही तय नहीं होगी और पेपर लीक के पीछे शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक कोई भी नया कानून प्रभावी साबित नहीं होगा।
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग लगातार उठाती रहेगी।