Gumla Solid Waste Management: गुमला शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. नगर विकास एवं आवास विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत गुमला नगर परिषद को 2 करोड़ रूपए की पहली किस्त जारी की है. यह राशि ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना को गति देने के लिए उपलब्ध कराई गई है.
सरकार के मुताबिक, इस राशि का उपयोग शहर में कचरे के संग्रह, नियमित उठाव और उसके वैज्ञानिक तरीके से निपटान की व्यवस्था को मजबूत करने में किया जाएगा. इससे शहरी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
विभाग ने बताया कि गुमला की ठोस कचरा प्रबंधन परियोजना को पहले ही 123 करोड़ 58 लाख 63 हजार रूपए से अधिक की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है. फिलहाल इसी परियोजना के तहत 2 करोड़ रूपए की पहली किस्त जारी की गई है.
जारी राशि की निकासी गुमला नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी करेंगे. इसके लिए भुगतान गुमला कोषागार के माध्यम से किया जाएगा.
सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि पूरी राशि का उपयोग निर्धारित वित्तीय नियमों और सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए. साथ ही परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने का भी निर्देश दिया गया है.
विभाग ने यह भी कहा है कि कार्य पूरा होने और राशि खर्च होने के बाद उपयोगिता प्रमाण-पत्र महालेखाकार, झारखंड को भेजना अनिवार्य होगा.
सरकार का मानना है कि इस परियोजना के लागू होने के बाद गुमला शहर में ठोस कचरा प्रबंधन व्यवस्था पहले से अधिक व्यवस्थित होगी और शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने में मदद मिलेगी.