Chakulia News : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड में सोमवार सुबह हाथियों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। कालियाम पंचायत के कालियाम गांव में हाथी के हमले में 60 वर्षीय अनिल महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पहले चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान उनके साथ मौजूद सात वर्षीय नाती ने मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचा ली।
सुबह घर के बाहर ब्रश करते समय हुआ हमला
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5:45 बजे करीब 20 हाथियों का झुंड गांव में घुस आया था। कुछ देर बाद अधिकांश हाथी जंगल की ओर लौट गए, लेकिन एक हाथी गांव में ही रह गया। इसी दौरान अनिल महतो अपने घर के बाहर नाती के साथ ब्रश कर रहे थे। अचानक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। बच्चा डरकर वहां से भाग निकला, जबकि हाथी ने अनिल महतो को पटककर दांत और पैरों से गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। पंचायत के मुखिया दासो हेंब्रम मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से घायल को निजी वाहन से चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन झाड़ग्राम अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया जाएगा।
गांव में दहशत, मुआवजे और सुरक्षा की मांग
हाथियों के झुंड ने गांव में जमकर उत्पात भी मचाया। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों ने एक टॉली को तोड़ दिया और कई घरों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के गांव में प्रवेश को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने, प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए स्थायी समाधान करने की मांग की है। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र में ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।