Gamharia: विजय श्री ऑटो लिमिटेड कंपनी में मजदूरों की समस्याओं को लेकर सोमवार को झामुमो कार्यकर्ताओं ने कंपनी परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व झामुमो सरायकेला जिला गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। झामुमो नेताओं ने कंपनी प्रबंधन पर मजदूरों के हितों की अनदेखी करने और श्रम कानूनों का पालन नहीं करने का आरोप लगाया।
330 रुपये में 8 घंटे काम कराने का आरोप
भोमरा माझी ने आरोप लगाया कि कंपनी में मजदूरों से 8 घंटे काम कराया जा रहा है, लेकिन उन्हें मात्र 330 रुपये मजदूरी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कई मजदूरों को PF और ESI जैसी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कंपनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि मजदूरों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते और दुर्घटना होने पर कंपनी की ओर से उचित इलाज की व्यवस्था नहीं की जाती।
पहले भी मजदूर उठा चुके हैं मांग
झामुमो नेताओं ने बताया कि मजदूर न्यूनतम मजदूरी, PF, ESI और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी आवाज उठा चुके हैं। उनका कहना है कि कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
सार्वजनिक वार्ता की मांग
भोमरा माझी ने कहा कि कंपनी प्रबंधन को मजदूरों की समस्याओं पर खुलकर बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा, "हम बंद कमरे में कोई समझौता नहीं करेंगे। वार्ता होगी तो सभी के सामने होगी।" उन्होंने इस मामले में झामुमो के वरिष्ठ नेता सह मंत्री दीपक बिरुआ से भी हस्तक्षेप करने की मांग की।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए कंपनी परिसर के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वहीं, खबर लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। प्रदर्शन के दौरान नगर अध्यक्ष बीरेंद्र नाथ प्रधान, सचिव कृष्णा महतो, युवा मोर्चा सचिव बबलू प्रधान, नगर उपाध्यक्ष शंकर मुखी, गम्हरिया प्रखंड सचिव मंगल माझी, मुन्ना मंडल, केंद्रीय कमेटी सदस्य कृष्ण बास्के, प्रखंड उपाध्यक्ष राम महतो, राजेश गोप, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष अनिल सोरेन, सचिव देबाशीष प्रधान सहित झामुमो के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।