Simdega News : सिमडेगा पुलिस ने झारखंड और छत्तीसगढ़ में सक्रिय अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच गृहभेदन और चोरी के मामलों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, नकद राशि, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और औजार बरामद किए गए हैं।
तकनीकी जांच से मिली सफलता, छत्तीसगढ़ से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छत्तीसगढ़ के तपकारा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान अनिकेत टोप्पो (19) और सैफ अली (22) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सिमडेगा थाना कांड संख्या 92/2026 के तहत राहुल कुमार सिंह के घर हुई चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी के आभूषण, पल्सर मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए।
सिमडेगा और गुमला के पांच चोरी के मामलों का खुलासा
जांच के दौरान आरोपियों ने सिमडेगा थाना क्षेत्र के सलडेगा बराबरपानी स्थित राशन दुकान में हुई चोरी (कांड संख्या 87/2026) में भी अपनी भूमिका स्वीकार की। इस मामले में चोरी गया राशन भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
इसके अलावा पूछताछ में दोनों ने गुमला जिले के करुंडी, फसिया और आनंद नगर क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता कबूल की। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से गुमला जिले के तीन और सिमडेगा जिले के दो मामलों सहित कुल पांच चोरी के मामलों का सफल उद्भेदन हुआ है।
पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ कुरडेग थाना और तपकारा थाना में वर्ष 2023 से जुड़े कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सिमडेगा पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।