Ranchi News: रांची नगर निगम ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए अप्रैल 2026 से 24 जुलाई 2026 तक कुल 7,991 प्रमाण पत्र जारी किए हैं. इनमें 6,416 जन्म प्रमाण पत्र और 1,575 मृत्यु प्रमाण पत्र शामिल हैं. निगम का कहना है कि जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 और राइट टू सर्विस (RTS) अधिनियम के तहत तय समय सीमा में लोगों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के इतने आवेदन लंबित
नगर निगम के अनुसार, 24 जुलाई तक जन्म प्रमाण पत्र के 587 आवेदन लंबित हैं. इनमें 386 मामलों में आवश्यक दस्तावेज या जानकारी अधूरी होने के कारण संबंधित अस्पतालों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, जबकि 201 आवेदन एसडीओ/डीएसओ स्तर पर स्वीकृति की प्रतीक्षा में हैं.
वहीं, मृत्यु प्रमाण पत्र के 236 आवेदन अभी लंबित हैं. इनमें 92 मामलों में अस्पतालों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, जबकि 144 आवेदन डीएसओ स्तर पर लंबित हैं. निगम ने बताया कि इन सभी मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों और अस्पतालों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है.
बिचौलियों से बचने और दस्तावेज पूरे देने की अपील
रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं. आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज सही और पूर्ण रूप से जमा करें, ताकि प्रमाण पत्र जारी होने में अनावश्यक देरी न हो.
इसके साथ ही निगम क्षेत्र के सभी निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम को निर्देश दिया गया है कि वे जन्म और मृत्यु की प्रत्येक घटना का समय पर ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करें, जिससे नागरिकों को निर्धारित समय में प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा सके.