Jamshedpur News: सड़क हादसों और अन्य आपात स्थितियों में घायल लोगों को तुरंत राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस ने नई पहल शुरू की है। पुलिस कर्मियों को बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएग, ताकि एंबुलेंस या अस्पताल पहुंचने से पहले जरूरतमंदों की मदद की जा सके। अब तक 200 से अधिक पुलिस जवान इस प्रशिक्षण से जुड़ चुके हैं।
पीसीआर वाहनों में रहेगा फर्स्ट एड किट, मौके पर मिलेगी शुरुआती चिकित्सा
इस पहल के तहत सभी पीसीआर वाहनों में फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराई जाएगी। एक निजी अस्पताल की ओर से टाइगर मोबाइल और टैंगो जवानों के लिए आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इन किटों की मदद से पुलिस सड़क दुर्घटना या अन्य घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर उनकी जान बचाने की दिशा में काम कर सकेगी।
बरसात में भी नहीं रुकेगी गश्त, 200 से ज्यादा जवानों को बांटे गए रेनकोट
मानसून के दौरान पुलिस की सक्रियता बनी रहे, इसके लिए पुलिस विभाग ने 200 से अधिक जवानों को रेनकोट उपलब्ध कराए हैं। साकची स्थित सीसीआर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में टाइगर मोबाइल, टैंगो टीम और ट्रैफिक पुलिस के जवानों को रेनकोट वितरित किए गए, जिससे खराब मौसम में भी उनकी ड्यूटी प्रभावित न हो।
एसएसपी ने जवानों को दिए सतर्कता और निरंतर गश्त के निर्देश
रेनकोट वितरण कार्यक्रम के दौरान एसएसपी एहतेशाम वकारिब ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी जवानों को नियमित गश्त जारी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।