Chatra Opium Seizure : जिले में अफीम तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के तेगम गांव निवासी 22 वर्षीय जलेश कुमार ने अपने घर में भारी मात्रा में अफीम और अफीम डोडा छिपाकर रखा है।
सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह और पुलिस बल की विशेष टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 7.540 किलोग्राम अफीम और 293.900 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया गया।

इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल भी जब्त, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाला एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है। आरोपी जलेश कुमार को गिरफ्तार कर कुंदा थाना कांड संख्या 52/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।