Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-24

Seraikela News: कुकड़ू के परगामा में गरामस्थान की जमीन से हटा अवैध कब्जा, 17 डिसमिल भूमि पर चला बुलडोजर, ग्रामीणों की साल भर पुरानी मांग पूरी

Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत परगामा पंचायत में गरामस्थान की सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए भूमि को मुक्त करा लिया। शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर चलाकर बकरी शेड और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

17 डिसमिल जमीन पर किया गया था कब्जा
जानकारी के अनुसार, मौजा परगामा, थाना संख्या-86, खाता संख्या-230 और प्लॉट संख्या-470 स्थित गरामस्थान की करीब 17 डिसमिल सरकारी भूमि पर बूढ़ी महतो और प्रल्हाद महतो द्वारा निर्माण कराया गया था। प्रशासन के अनुसार, यह भूमि गांव के धार्मिक और सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्धारित थी।

एक साल पहले ग्रामीणों ने की थी शिकायत
ग्रामीणों ने करीब एक वर्ष पहले सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को लेकर राजस्व विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद विभागीय जांच की गई। अंचल, अनुमंडल और जिला स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया गया, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।

प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से हुई कार्रवाई
अतिक्रमण हटाने के दौरान अंचल निरीक्षक कुणाल कुमार शर्मा मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात रहे। वहीं प्रभारी अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नीमडीह थाना पुलिस की टीम भी मौके पर तैनात रही। प्रभारी सीओ अभय कुमार द्विवेदी ने कहा, "सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।"

ग्रामीणों ने प्रशासन का जताया आभार
ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई पर खुशी जताते हुए कहा कि गरामस्थान गांव का धार्मिक स्थल है और यहां हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। ग्राम प्रधान बासुदेव महतो ने कहा, "हम लोग पिछले एक साल से इसकी मांग कर रहे थे। आज प्रशासन ने हमारी बात सुनी और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।" वहीं पूर्व पंचायत समिति सदस्य मनोरंजन सिंह ने कहा कि अब इस जमीन का उपयोग पूजा-पाठ और सार्वजनिक कार्यों के लिए किया जा सकेगा। प्रशासन की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि गरामस्थान की भूमि अब अपने मूल धार्मिक और सार्वजनिक उद्देश्य के लिए उपयोग में लाई जाएगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !