Bokaro News : बोकारो ट्रेजरी से 11 करोड़ रुपये की कथित अवैध निकासी मामले के मुख्य आरोपी कौशल कुमार पांडे की जमानत याचिका पर सीआईडी की विशेष अदालत में सुनवाई पूरी हो गई है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। अब इस मामले में 27 जुलाई को आदेश सुनाया जाएगा।
11 करोड़ की अवैध निकासी का मामला
यह मामला बोकारो ट्रेजरी से 11 करोड़ रुपये की कथित अवैध निकासी से जुड़ा है। सबसे पहले एसपी कार्यालय की लेखा शाखा में अवैध वेतन निकासी का मामला सामने आया था। एजी (AG) की रिपोर्ट में अनियमितता उजागर होने के बाद वित्त विभाग ने जांच के आदेश दिए थे। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज हुई और मुख्य आरोपी कौशल कुमार पांडे समेत लेखा शाखा के एएसआई अशोक भंडारी, गृह रक्षक सतीश कुमार और काजल मंडल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
चार्जशीट में कई गंभीर खुलासे
सीआईडी आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। जांच एजेंसी के अनुसार, कौशल पांडे डीडीओ को विश्वास में लेकर ओटीपी हासिल करता था और धोखे से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लेता था। इसके बाद पुलिसकर्मियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अपनी मां बृज कुमारी देवी के खाते में ट्रांसफर कर देता था।
चार्जशीट के मुताबिक वर्ष 2021 के बाद उसने कई कर्मचारियों के जीपीएफ नंबर में कथित तौर पर फेरबदल कर राशि अपनी मां के खाते में भेजी। इसके अलावा गृह रक्षक सतीश कुमार के खाते में भी पैसे ट्रांसफर किए जाते थे, जिनमें से करीब 70 प्रतिशत राशि निकालकर कौशल अपने पास रखता था।