Jharkhand New Ambulances: झारखंड सरकार ने राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 720 नई एंबुलेंस खरीदने का फैसला किया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में एंबुलेंस खरीद, संचालन व्यवस्था और टेंडर प्रक्रिया को लेकर अहम निर्णय लिए गए. विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को एक महीने के भीतर निविदा प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया.
720 एंबुलेंस में कौन-कौन से वाहन होंगे शामिल?
बैठक में तय किया गया कि पहले से स्वीकृत 30 एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस की खरीद प्रक्रिया जारी रहेगी. इसके अलावा 20 नई ALS, 270 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एंबुलेंस और 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल (PTV) खरीदे जाएंगे. इस तरह राज्य के स्वास्थ्य बेड़े में कुल 720 नई एंबुलेंस शामिल होंगी.
ग्रामीण मरीजों को मिलेगा सबसे अधिक फायदा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पहले खरीदी गई कई एंबुलेंस अब जर्जर हो चुकी हैं. इसका असर खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की सेवाओं पर पड़ रहा है. इसी को देखते हुए 400 पेशेंट ट्रांसपोर्ट व्हीकल खरीदने का निर्णय लिया गया है, ताकि ग्रामीण मरीजों को समय पर रेफरल अस्पताल तक पहुंचाया जा सके.
अलग-अलग व्यवस्था से होगा संचालन
बैठक में तय किया गया कि PTV का संचालन संबंधित CHC और PHC के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी आउटसोर्सिंग व्यवस्था के जरिए कराएंगे. इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) प्रत्येक वाहन के संचालन पर प्रति माह 50 हजार रुपये उपलब्ध कराएगा. वहीं ALS एंबुलेंस सभी सदर अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में तैनात की जाएंगी, जबकि BLS एंबुलेंस का संचालन चयनित एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा.
जीवनरक्षक उपकरणों से लैस होंगी ALS एंबुलेंस
सरकार ने एंबुलेंस की उपयोग अवधि भी तय कर दी है. ALS और BLS एंबुलेंस की सेवा अवधि साढ़े छह वर्ष या 1.50 लाख किलोमीटर, जबकि PTV की अवधि पांच वर्ष या एक लाख किलोमीटर होगी. अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि सभी ALS एंबुलेंस निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार की जाएं और उनमें आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों.
बैठक में विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, एनएचएम के मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, उप सचिव ध्रुव प्रसाद समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.