Rahul Gandhi On PM Modi NEET Video : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के NEET पेपर लीक मामले पर जारी वीडियो संदेश को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधी रात को जारी किए गए वीडियो संदेश से छात्रों की बुद्धिमत्ता का अपमान न किया जाए, बल्कि धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाए, प्रदर्शनकारी छात्रों पर कार्रवाई करने वालों को दंडित किया जाए और सरकार सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
PM मोदी ने वीडियो संदेश में कही ये बातें
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार देर रात जारी वीडियो संदेश में कहा था कि शुक्रवार को NEET पेपर लीक मामले पर अहम बैठक होगी, जिसमें बड़े फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों का एक वर्ष बर्बाद न हो, इसलिए कम समय में 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा कराना जरूरी था। उन्होंने बताया कि परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई और 11 लाख से अधिक छात्र उत्तीर्ण हुए।
पेपर लीक पर सख्त कानून की तैयारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों में इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही सरकार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था और पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून का मसौदा तैयार किया है, जिस पर केंद्रीय मंत्रिमंडल में चर्चा के बाद संसद में विधेयक लाने की कोशिश की जाएगी।