Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-06-28

Shibu Soren: शिबू सोरेन की सेहत को लेकर राज्यभर में चिंता, राष्ट्रपति से लेकर आम लोग कर रहे प्रार्थना

Ranchi: दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि दिल्ली स्थित गंगाराम अस्पताल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भेंट कर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली। ईश्वर से प्रार्थना है कि ‘गुरुजी’ शीघ्र पूर्ण रूप से स्वस्थ हों।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन के जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए शनिवार को मस्जिदों में विशेष दुआ का आयोजन किया गया। साथ ही अन्य जगहों पर दुआ करने का आह्वान किया गया है। कांग्रेस के पूर्व सांसद फ़ुरक़ान अंसारी की अपील पर यह आयोजन हो रहा है।

फुरकान अंसारी ने इस सम्बंध में प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि हज़ारों लोग मस्जिदों में नमाज़ के बाद विशेष दुआ में शिरकत कर गुरुजी की सलामती की दुआ मांग रहे है।

अंसारी ने कहा कि शिबू सोरेन सिर्फ नेता नहीं बल्कि झारखंड की आत्मा हैं। उन्होंने हमेशा शोषितों और वंचितों की आवाज़ को बुलंदी दी है। आज जब वे अस्वस्थ हैं तो हम सबका कर्तव्य बनता है कि उनके ठीक होने के लिए प्रार्थना करें। हमारी दुआएं उनके साथ हैं।

झारखंड के सर्वमान्य नेता और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ने से पूरे राज्य में चिंता का माहौल है। गुरुजी को ब्रेन स्ट्रोक के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उन्हें पहले से किडनी संबंधी बीमारी है और वे नियमित डायलिसिस पर हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर न केवल झारखंड, बल्कि देशभर के नेताओं और आम जनमानस की तरफ से प्रार्थनाओं और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है।

राष्ट्रपति और राज्यपाल ने गंगाराम अस्पताल जाकर जाना हाल

27 जून 2025 को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचीं और गुरुजी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनके साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी अस्पताल पहुंचे। यह साफ दर्शाता है कि शिबू सोरेन का व्यक्तित्व केवल झारखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उनका गहरा सम्मान है।

रघुवर दास ने हेमंत सोरेन से बात कर जाना पिता का हाल
पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओड़िसा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर उनके पिता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। हेमंत सोरेन ने उन्हें बताया कि बाबा को हल्का पैरालिसिस अटैक आया है। रघुवर दास ने कहा, “मैं प्रार्थना करता हूं कि बाबा जल्द स्वस्थ होकर झारखंड की सेवा में फिर से सक्रिय हों।”

बाबूलाल मरांडी और भाजपा नेताओं ने जताई गहरी चिंता
विपक्ष के नेता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा, “गुरुजी के अस्वस्थ होने की खबर से मन अत्यंत चिंतित है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले और वे दीर्घायु हों।”

शिबू सोरेन का स्वास्थ्य बुलेटिन सरकार जारी करे: BJP
इस बीच भाजपा नेताओं की ओर से यह मांग उठी है कि सरकार को शिबू सोरेन का नियमित मेडिकल बुलेटिन जारी करना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप वर्मा ने कहा कि “सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। एक सार्वजनिक नेता के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी जनता को समय-समय पर दी जानी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन एक पुत्र होने के नाते अपने कर्तव्य निभा रहे हैं, लेकिन एक मुख्यमंत्री के तौर पर उनकी यह भी जिम्मेदारी है कि राज्य के एक सम्मानित नेता की स्वास्थ्य जानकारी सभी को दी जाए।

मनोज भक्त ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
भाकपा (माले) के राज्य सचिव मनोज भक्त ने भी गुरुजी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि “शिबू सोरेन जल्द से जल्द ठीक होकर अपने लोगों के बीच लौटें और राजनीतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।”

झारखंड की जनता कर रही प्रार्थना
राज्यभर में आम लोगों से लेकर तमाम राजनीतिक दलों तक, हर कोई यही दुआ कर रहा है कि गुरुजी शीघ्र स्वस्थ हों। उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और संघर्षशील छवि ने उन्हें एक जनप्रिय और सर्वमान्य नेता के रूप में स्थापित किया है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !