NEET UG Paper Leak Protest : संसद के मानसून सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को भी NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर संसद परिसर में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। संसद के मकर द्वार पर विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।
इंडिया गठबंधन अपनी मांग पर अड़ा
संसद के पिछले चार दिनों से जारी गतिरोध के बीच इंडिया गठबंधन के नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक वे सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं होंगे। विपक्ष का आरोप है कि सरकार NEET-UG पेपर लीक मामले में जवाबदेही से बच रही है।
एनडीए ने लगाया बहस से बचने का आरोप
वहीं एनडीए ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर इस मुद्दे पर सदन में चर्चा नहीं होने देना चाहता। सत्ता पक्ष का कहना है कि सरकार इस विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष हंगामे के जरिए कार्यवाही बाधित कर रहा है।
खड़गे ने पीएम मोदी से सदन में बयान देने की मांग की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरुवार देर रात जारी वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री को संसद के भीतर इस मुद्दे पर बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधी रात को वीडियो संदेश जारी करने के बजाय सदन में आकर अपनी बात रखना अधिक उचित होता।