Adityapur: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना अस्पताल के आईसीयू (ICU) वार्ड में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई। घटना के बाद अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि अस्पताल प्रबंधन की तत्परता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अस्पताल के स्थानीय प्रमुख राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग लगते ही अस्पताल कर्मियों ने तत्काल आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित वार्डों में स्थानांतरित कर दिया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
शुरुआत में अस्पताल में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद झारखंड अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
आग लगने से अस्पताल के आईसीयू वार्ड में रखे उपकरणों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार अस्पताल को लाखों रुपये की क्षति हुई है। घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। वहीं समय रहते मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।