Simdega News : सिमडेगा पुलिस ने तीर्थयात्रियों को सस्ते में फ्लाइट टिकट, होटल और यात्रा पैकेज दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोपी ट्रैवल एजेंट धीरज अग्रवाल को ओडिशा के संबलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब चार महीने से पुलिस की गिरफ्त से फरार था।
दो तीर्थयात्री दल बने ठगी का शिकार
मामले की शिकायत मिलने के बाद पीड़ितों ने डीएसपी रणवीर सिंह और एसडीपीओ से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने संबलपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल से जुड़े 14 सदस्यीय तीर्थयात्री दल और गौशाला समिति के बिमल जैन के नेतृत्व वाले 32 सदस्यीय दल को आरोपी ने अपना शिकार बनाया। दूसरे दल से करीब 4.70 लाख रुपये की ठगी हुई। दोनों मामलों में कुल 7.31 लाख रुपये की धोखाधड़ी सामने आई है।
फर्जी टिकट देकर किया धोखा
पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी ने कम कीमत में फ्लाइट टिकट, होटल, वाहन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा देकर बैंक खाते और यूपीआई के माध्यम से पैसे जमा कराए। उसने यात्रियों को टिकट भी भेजे, लेकिन यात्रा से पहले सभी टिकट रद्द हो गए। एयरपोर्ट पहुंचने पर यात्रियों को पता चला कि टिकट अमान्य हैं, जिसके बाद उन्हें अतिरिक्त खर्च कर दूसरी फ्लाइट से यात्रा करनी पड़ी।
बाद में दूसरे तीर्थयात्री दल ने भी अपने टिकटों की जांच कराई तो सभी टिकट फर्जी निकले। इसके बाद सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि संबलपुर निवासी धीरज अग्रवाल खुद को विमान टूर्स का संचालक बताकर हवाई टिकट, होटल और यात्रा पैकेज उपलब्ध कराने का दावा करता था। जांच में सभी टिकट फर्जी पाए गए हैं। पुलिस दोनों मामलों की संयुक्त जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।