BREAKING: हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी. चंद्रगुप्त माइंस के पास हुई इस कार्रवाई में राहुल दुबे गिरोह से जुड़े दो संदिग्ध पुलिस के हत्थे चढ़ गए. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका दूसरा साथी बिना घायल हुए गिरफ्तार कर लिया गया. घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा में इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है.
पुलिस को इनपुट मिला था कि बाइक सवार कुछ अपराधी इलाके में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना मिलते ही केरेडारी थाना पुलिस ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी.
जैसे ही पुलिस टीम चंद्रगुप्त माइंस के पास पहुंची, सामने से आ रहे बाइक सवारों को रुकने का संकेत दिया गया. पुलिस का कहना है कि रुकने के बजाय आरोपियों ने भागने की कोशिश की और इसी दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई. इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया.
जांच के दौरान एक और दिलचस्प बात सामने आई. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपी लगातार अपनी पहचान बदलने की कोशिश करते रहे और पूछताछ में अलग-अलग नाम बताते रहे. ऐसे में उनकी वास्तविक पहचान, आपराधिक रिकॉर्ड और राहुल दुबे गिरोह से उनके संबंधों की गहन जांच की जा रही है.
केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल आरोपी का इलाज जारी है. दोनों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन भी तेज कर दिया है. आशंका जताई जा रही है कि गिरोह के कुछ अन्य सदस्य भी क्षेत्र में मौजूद हो सकते हैं. इसी को देखते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.