Ranchi News : झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान कथित पत्थरबाजी, झड़प और अंडे-टमाटर फेंके जाने की घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। कांग्रेस ने भाजपा के 15 नेताओं को नामजद करते हुए करीब 100 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पत्थर, बोतल और डंडों से हमला करने का आरोप
कांग्रेस की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंडे, पानी और शीशे की बोतलें, पत्थर तथा डंडों से हमला किया। कांग्रेस का दावा है कि इस घटना में कई पार्टी कार्यकर्ता, पत्रकार और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
एफआईआर में जिन नेताओं को नामजद किया गया है, उनमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर मौजूद भाजपा नेता प्रत्यूष सहदेव, अशोक बड़ाईक, योगेंद्र प्रताप सिंह, शशांक राज, रवि मुंडा, वरुण साहू, संजय महतो, वार्ड-41 की पार्षद नीलम चौधरी, सत्यनारायण सिंह, भाजपा कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह, संजय जायसवाल समेत अन्य के नाम शामिल हैं।
वीडियो को बनाया साक्ष्य, निष्पक्ष जांच की मांग
अरगोड़ा थाना के बाहर मीडिया से बातचीत में रांची युवा महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा ने आरोप लगाया कि छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जा रहा था, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता पहले से पत्थर लेकर तैयार थे। उन्होंने दावा किया कि कई भाजपा नेता मोबाइल फोन से घटना का लाइव प्रसारण कर रहे थे और उन्हीं वीडियो को साक्ष्य के रूप में एफआईआर के साथ प्रस्तुत किया गया है।
वहीं कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने कहा कि घटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पत्रकार और पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।