Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-23

Odisha Accident News: ओडिशा में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तालाब में गिरी बारातियों की कार, 5 की मौत

Odisha Accident News: ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बारातियों से भरी महिंद्रा एक्सयूवी कार देर रात अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।


बारात के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बांगुरसिंह गांव निवासी अभिषेक साहू की बारात इंदुपुर गांव जा रही थी। इसी दौरान छाटिया के पास एक मोड़ पर सात लोगों से भरी महिंद्रा एक्सयूवी अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार का दरवाजा नहीं खुल पाने के कारण अंदर फंसे पांच लोग बाहर नहीं निकल सके और उनकी दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दो लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए।

पांच बारातियों की गई जान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 25 वर्षीय राम साहू, 26 वर्षीय अविनाश साहू, 25 वर्षीय राकेश कुमार साहू, 27 वर्षीय चंद्रकांत स्वाईं और दूल्हे की मौसी के बेटे अभिजीत साहू के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही ढेंकानाल सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया।

ग्रामीणों ने बचाने की भरसक कोशिश की

प्रत्यक्षदर्शी दुर्वासा साहू ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीण तालाब में कूद पड़े और कार में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कार का दरवाजा समय पर खुल जाता, तो शायद अधिक लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

जांच शुरू, गांवों में पसरा मातम

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि रात के समय मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ। वहीं, बांगुरसिंह और इंदुपुर गांव में मातम का माहौल है। जिस घर में शादी की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और गम का सन्नाटा पसरा हुआ है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !