Assam Flood News : असम में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। पिछले 24 घंटों में बाढ़ से 10 और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद इस वर्ष राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं और कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
25 जिलों के 9 लाख से अधिक लोग प्रभावित
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत शिविरों में लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि 25 जिलों के 1,800 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं और 9 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि तबाही का स्तर कल्पना से परे है तथा हजारों मवेशी भी बाढ़ में बह गए हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, ऊपरी इलाकों में बादल फटने और सामान्य से 436 प्रतिशत अधिक बारिश के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। भारतीय वायु सेना, एनडीआरएफ और राज्य की विभिन्न एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई हैं। लोगों को हेलीकॉप्टर और नावों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
148 राहत शिविर, IMD का ऑरेंज अलर्ट
राज्य में 148 से अधिक राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां करीब 30 हजार लोग शरण लिए हुए हैं। प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में शिवसागर और जोरहाट में तीन-तीन, चराइदेव में दो तथा कार्बी आंगलोंग और धेमाजी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने असम के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और अगले चार दिनों के लिए येलो अलर्ट भी घोषित किया है। वहीं, राज्य के मुख्य सचिव रवि कोटा ने समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।