Jamhsedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को साकची स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से सौंपा गया। कांग्रेस ने नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
"पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ"
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि हाल के वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। छात्रों ने वर्षों की मेहनत से परीक्षा की तैयारी की, लेकिन बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने पूरी परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से छात्रों में निराशा और असुरक्षा का माहौल बना है।
"छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ"
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग, लाठीचार्ज और अन्य कठोर कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। पार्टी का कहना है कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए, न कि दमनात्मक कार्रवाई के जरिए।
राष्ट्रपति से की कई अहम मांगें
ज्ञापन में कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मांग की है कि नीट सहित सभी कथित पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू की जाए। कांग्रेस ने छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की।
केंद्रीय मंत्रियों के इस्तीफे की भी मांग
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने परीक्षा प्रबंधन में कथित चूक की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की। वहीं छात्रों पर हुई कार्रवाई की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी इस्तीफा लेने की मांग राष्ट्रपति से की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश के करोड़ों विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार को शीघ्र प्रभावी और ठोस कदम उठाने चाहिए। इस प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे.