Jamshedpur News : सोनारी थाना क्षेत्र में ₹1.80 लाख के लेन-देन को लेकर विवाद सामने आया है। अभिषेक कुमार सिंह ने सोनारी थाना में आवेदन देकर बजरंग प्रसाद पर रुपये वापस नहीं करने, गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से बकाया राशि दिलाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रुपये लौटाने में टाल-मटोल का आरोप
आवेदन के अनुसार, अभिषेक कुमार सिंह का आरोप है कि उन्होंने कुछ महीने पहले बजरंग प्रसाद को कुल ₹1.80 लाख दिए थे। इसमें ₹30 हजार बैंकिंग माध्यम से और ₹1.50 लाख ऋण समझौते (लोन एग्रीमेंट) के तहत दिए गए थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि अब रुपये वापस मांगने पर लगातार टाल-मटोल की जा रही है।
झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रुपये मांगने पर बजरंग प्रसाद आत्महत्या कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। साथ ही अपने भाई का नाम लेकर डराने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने गाली-गलौज और लगातार मानसिक प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है।
अभिषेक कुमार सिंह ने सोनारी थाना पुलिस से मामले की जांच कर बकाया ₹1.80 लाख वापस दिलाने तथा आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस को आवेदन सौंपा गया है और मामले की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।