SRFTI Jharkhand MoU: झारखंड के युवाओं और उभरते कलाकारों के लिए फिल्म और टेलीविजन की दुनिया में करियर बनाने का रास्ता अब और आसान होने जा रहा है. राज्य सरकार ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFDC) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच समझौता कराया है. प्रोजेक्ट भवन में हुए इस एमओयू कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे. सरकार का कहना है कि इस पहल से राज्य के युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण मिलेगा और रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे.
"झारखंड में प्रतिभा की कमी नहीं, जरूरत सिर्फ मंच की"
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के युवाओं में कला और रचनात्मकता की कोई कमी नहीं है. जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है. उन्होंने डॉ. रामदयाल मुंडा की प्रसिद्ध पंक्ति "जे नाची से बाची" का उल्लेख करते हुए कहा कि कला झारखंड की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और अब SRFTI के सहयोग से स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण मिल सकेगा.
फिल्म निर्माण के हर क्षेत्र में मिलेगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बड़ी संख्या में युवा सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं और फिल्म निर्माण में भी रुचि ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल अभिनय तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें लेखन, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, एडिटिंग, साउंड डिजाइन और कई अन्य तकनीकी क्षेत्रों की अहम भूमिका होती है. सरकार चाहती है कि झारखंड के युवाओं को इन सभी क्षेत्रों में विशेषज्ञ प्रशिक्षण मिले.
राष्ट्रीय पुरस्कार का जिक्र, स्थानीय प्रतिभाओं पर जताया भरोसा
हेमंत सोरेन ने हाल ही में राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाली संताली फिल्म का उल्लेख करते हुए कहा कि इस उपलब्धि ने साबित कर दिया है कि झारखंड के कलाकार किसी से कम नहीं हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि यदि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और मंच मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं.
फिल्म शूटिंग के लिए झारखंड की बढ़ती पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्यजीत रे जैसे महान फिल्मकारों ने भी झारखंड के कई इलाकों में अपनी फिल्मों की शूटिंग की थी. उन्होंने बताया कि राज्य की प्राकृतिक खूबसूरती लंबे समय से फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करती रही है. दिल बेचारा, एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी, गैंग्स ऑफ वासेपुर और काला पत्थर जैसी फिल्मों की शूटिंग झारखंड में हो चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक प्रकाश झा की शिक्षा भी झारखंड में हुई थी.
राज्य को मिलेगा फिल्म निर्माण का नया आयाम
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि SRFTI के साथ हुआ यह समझौता झारखंड के कलाकारों और फिल्म जगत से जुड़े युवाओं के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा. उनका कहना था कि प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता के कारण झारखंड फिल्म निर्माण के लिए देश के सबसे उपयुक्त राज्यों में शामिल है. इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और अतिथि मौजूद रहे.