विपक्ष के प्रदर्शन के बीच हुई अहम मुलाकात
यह बैठक ऐसे समय हुई, जब संसद परिसर में विपक्षी दल विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. इसी बीच प्रधानमंत्री कार्यालय में पीएम मोदी और शरद पवार की मुलाकात हुई. सामने आई तस्वीरों में दोनों नेताओं को सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत करते देखा गया, जबकि सुप्रिया सुले भी बैठक का हिस्सा रहीं.
बैठक के एजेंडे पर बना हुआ है सस्पेंस
बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में इसके उद्देश्य को लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे. कुछ चर्चाओं में इसे संभावित परिसीमन विधेयक से जोड़कर भी देखा जा रहा है. हालांकि, सरकार या एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. ऐसे में बैठक को लेकर सामने आ रही अटकलों की पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है.
राजनीतिक चर्चाएं तेज, लेकिन आधिकारिक बयान का इंतजार
एनसीपी (शरदचंद्र पवार) पहले यह संकेत दे चुकी है कि परिसीमन से जुड़े किसी प्रस्ताव पर वह उसके प्रावधानों के आधार पर अपना रुख तय करेगी. सुप्रिया सुले भी इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से अपनी राय रख चुकी हैं. वहीं बैठक के बाद संभावित राजनीतिक समीकरण और गठबंधन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय, भारतीय जनता पार्टी और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) में से किसी ने भी किसी नए राजनीतिक समझौते या बैठक के एजेंडे पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. ऐसे में अब सभी की नजर आधिकारिक जानकारी पर टिकी हुई है.