Jharkhand: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और परिणामों में गड़बड़ी के आरोपों के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सीआईडी की जांच और हालिया छापेमारी के बाद जेपीएससी के चेयरमैन एल. खियांग्ते ने मंगलवार रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, अब तक उनके इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
CID की कार्रवाई के बाद बढ़ी हलचल
मामले की जांच कर रही सीआईडी की टीम ने मंगलवार को जेपीएससी कार्यालय समेत कई संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए, जिसके बाद आयोग से जुड़े घटनाक्रम ने प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी। एल. खियांग्ते को 27 फरवरी 2025 को जेपीएससी का चेयरमैन नियुक्त किया गया था।
परीक्षा एजेंसी TDPL के दफ्तर पर भी कार्रवाई
जेपीएससी कार्यालय की जांच के बाद सीआईडी ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी TDPL से जुड़े परिसरों पर भी छापेमारी की। इस दौरान एजेंसी से जुड़े तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। टीम ने कार्यालय को सील कर दिया और वहां से पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डायरी समेत कई दस्तावेज जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
असिस्टेंट एग्जामिनेशन कंट्रोलर से पूछताछ
जांच के दौरान जेपीएससी की असिस्टेंट एग्जामिनेशन कंट्रोलर श्वेता गुप्ता समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जानकारी के अनुसार, 22 मई को उनका तबादला खाद्य आपूर्ति विभाग में हुआ था, लेकिन बाद में उन्होंने दोबारा जेपीएससी में कार्यभार संभाल लिया। आरोप हैं कि परीक्षा से जुड़े कई अहम कार्य उनके पास ही केंद्रित थे। हालांकि, सीआईडी ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया है कि उन्हें किस विशेष आरोप या मामले में हिरासत में लिया गया है।
डिजिटल साक्ष्यों की होगी फोरेंसिक जांच
जांच एजेंसी ने जेपीएससी कार्यालय के कंप्यूटर रिकॉर्ड, फाइलों और अन्य डिजिटल डेटा की भी जांच की है। वहीं, TDPL से जब्त हार्ड डिस्क, पेन ड्राइव और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का फोरेंसिक विश्लेषण कराया जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।
जांच जारी, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल सीआईडी मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और पूछताछ का सिलसिला जारी है। वहीं, चेयरमैन एल. खियांग्ते के इस्तीफे और जांच से जुड़े कई पहलुओं पर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में जांच पूरी होने और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।