Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-21

Ranchi News: रिम्स गवर्निंग बॉडी की 64वीं बैठक में कई बड़े फैसलों पर लगी मुहर, 250 नई MBBS व PG सीटें बढ़ेंगी और शुरू होगी रोबोटिक सर्जरी

Ranchi News: झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स को आधुनिक स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. रिम्स की 64वीं गवर्निंग बॉडी की बैठक में मेडिकल शिक्षा के विस्तार, मरीजों की सुविधाओं में सुधार और अस्पताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आने वाले दिनों में रिम्स का स्वरूप पूरी तरह बदलता नजर आएगा.

250 MBBS और 250 PG सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर
बैठक में रिम्स में 250 नई MBBS और 250 पीजी सीटें बढ़ाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई. स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रत्येक नई सीट के लिए केंद्र सरकार से करीब 1.4 से 1.5 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी. इस राशि का उपयोग नए शैक्षणिक भवन, क्लासरूम और फैकल्टी की व्यवस्था विकसित करने में किया जाएगा.

रोबोटिक सर्जरी, 200 वेंटिलेटर और रिहैब सेंटर की सौगात
मरीजों को अत्याधुनिक इलाज उपलब्ध कराने के लिए रिम्स में 200 नए वेंटिलेटर खरीदे जाएंगे. इसके साथ ही पहली बार रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया गया है. बैठक में झारखंड का पहला 45 बेड वाला आधुनिक रिहैबिलिटेशन सेंटर स्थापित करने पर भी सहमति बनी, जहां हड्डी रोगियों और दिव्यांगों के इलाज के साथ पुनर्वास की सुविधा मिलेगी.

वार्ड, ओपीडी और मुख्य प्रवेश द्वार का होगा आधुनिकीकरण
रिम्स के पुराने वार्ड, ओपीडी, एबी ब्लॉक और ऑर्थोपेडिक वार्ड के नवीनीकरण को भी मंजूरी दी गई है. अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार को आधुनिक बनाया जाएगा. सभी शौचालयों का उन्नयन होगा और जहां फर्श क्षतिग्रस्त है, वहां नए फर्श बिछाए जाएंगे.

PPP मॉडल पर चलेंगे हॉस्टल, मरीजों की सहायता के लिए तैनात होंगे नए वार्ड बॉय
रिम्स के सभी हॉस्टलों का संचालन अब पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा. निजी एजेंसी इनके प्रबंधन की जिम्मेदारी संभालेगी, जिससे अस्पताल प्रशासन इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिक फोकस कर सकेगा.

ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए नए वार्ड बॉय भी नियुक्त किए जाएंगे. उनकी जिम्मेदारी मरीजों को सही विभाग और संबंधित डॉक्टर तक पहुंचाने की होगी.

डेली वेज कर्मचारियों को राहत, विशेषज्ञ डॉक्टरों की होगी नियुक्ति
बैठक में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया गया. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भविष्य में उन्हें नियमित करने की संभावना पर भी विचार किया जाएगा. साथ ही कई नए विशेषज्ञ डॉक्टरों को जल्द नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे.



कैंसर मशीन के लिए अतिरिक्त बजट, थैलेसीमिया मरीजों को भी राहत
कैंसर उपचार में इस्तेमाल होने वाली मशीन की लागत बढ़ने के कारण अतिरिक्त बजट का प्रस्ताव राज्य कैबिनेट को भेजा जाएगा. वहीं थैलेसीमिया मरीजों के लिए ब्लड बैंक व्यवस्था को और मजबूत करने का भी निर्णय लिया गया.

डेंगू-मलेरिया को लेकर सभी जिले अलर्ट पर
डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए रांची, जमशेदपुर, खूंटी, सरायकेला समेत सभी जिलों को अलर्ट पर रखा गया है. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में दवाइयों, डॉक्टरों और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है.

संजय सेठ पर भी साधा निशाना
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने सांसद संजय सेठ की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि उनके पास कोई सुझाव था तो उन्हें गवर्निंग बॉडी की बैठक में आना चाहिए था. उन्होंने कहा कि अगर सांसद वास्तव में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर हैं तो रांची में एम्स लाने के प्रयासों में सहयोग करें.

"एक महीने में दिखने लगेगा बदलाव"
डॉ. इरफान अंसारी ने दावा किया कि राज्य सरकार के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है. उन्होंने कहा कि अगले एक महीने के भीतर रिम्स के नवीनीकरण का काम तेजी से आगे बढ़ेगा और लोगों को जल्द आधुनिक सुविधाओं से लैस नया रिम्स देखने को मिलेगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !