Sikkim Tunnel Accident: सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए दर्दनाक हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है। जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह करीब 4:40 बजे तक 7 मौतों की पुष्टि की है। वहीं, करीब 27 मजदूरों के सुरंग के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई है और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
गैस रिसाव के बाद सुरंग में फंसे मजदूर
प्रशासन के अनुसार, सोमवार दोपहर नामची जिले के सामरदुंग (झोलुंगे) स्थित एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 हाइड्रो पावर परियोजना की सुरंग में कथित गैस रिसाव के बाद यह हादसा हुआ। घटना के समय कई मजदूर सुरंग के भीतर काम कर रहे थे। बचाव दल अब तक सात मजदूरों के शव बरामद कर चुका है, जिन्हें पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए सिंगताम जिला अस्पताल, एसटीएनएम अस्पताल गंगटोक और नामची जिला अस्पताल भेजा गया है।
27 मजदूरों के फंसे होने की आशंका
नामची की जिला कलेक्टर अनूपा टमलिंग ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 27 मजदूर अभी भी सुरंग के भीतर फंसे हो सकते हैं। हालांकि, सुरंग के अंदर की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण उनकी संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की जा सकी है। प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।
युद्धस्तर पर जारी राहत और बचाव अभियान
घटना के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिक्किम पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से बचाव अभियान में जुटे हैं। एनडीआरएफ की टीम सुरंग के भीतर प्रवेश कर फंसे मजदूरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने और राहत कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की है।