Koderma: कोडरम जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर आभूषणों से भरा बैग चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पति-पत्नी और उनका भतीजा शामिल है। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, चंदवारा निवासी अशोक सोनी उरवां पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भराने पहुंचे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर उसमें रखा आभूषणों से भरा बैग निकाल लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।
पति-पत्नी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
SIT ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच माध्यमों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ओडिशा के जाजपुर जिले में छिपे हुए हैं। इसके बाद कोडरमा पुलिस ने ओडिशा के कोराई थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, उनकी निशानदेही पर गिरोह की महिला सदस्य को कोडरमा रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू दास (35), उसकी पत्नी ट्वींकल दास (32) और भतीजे धनराज प्रधान (21) के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अलग-अलग राज्यों में बाइक की डिक्की तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
चोरी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 जोड़ी पायल, सात चेन, 11 बिछिया, 13 अंगूठियां, बच्चों के चार कंगन, कई लॉकेट, ताबीज, नथिया और अन्य आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने ज्वेलरी मापक यंत्र, दो मोबाइल फोन, चोरी किया गया बैग, घटना में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और डिक्की खोलने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली टी-आकार की मास्टर की भी जब्त की है। कोडरमा पुलिस के अनुसार, इस मामले में चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर लिए गए हैं। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि दूसरे राज्यों में हुई चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके।