Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में आदित्यपुर नगर निगम और कपाली नगर परिषद क्षेत्र की पेयजलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में संबंधित एजेंसियों से अब तक हुए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली गई। बैठक के दौरान JUDCO, जिंदल और शापूरजी पालनजी एजेंसियों के प्रतिनिधियों से योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने आदित्यपुर-2 स्थित सीतारामपुर 30 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एजेंसियों ने पहले 15 जुलाई तक जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय में काम पूरा नहीं हो सका, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
31 जुलाई तक हर हाल में पूरा करना होगा काम
उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि 31 जुलाई 2026 तक सभी लंबित कार्य पूरे कर घर-घर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब काम में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तय समय सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कपाली नगर परिषद क्षेत्र की पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पाइपलाइन बिछाने और जलापूर्ति नेटवर्क विस्तार के अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेयजल लोगों की मूलभूत जरूरत है, इसलिए सभी एजेंसियां तय मानकों और समय सीमा के अनुसार काम पूरा करें। बैठक में नगर आयुक्त अज़ाज अनवर समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।