Jamshedpur News : आम आदमी पार्टी (AAP) की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर समाहरणालय परिसर के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में पार्टी के जिला पदाधिकारी, विधानसभा, प्रखंड एवं नगर इकाइयों के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था, लोकतांत्रिक अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों पर उठाए सवाल
ज्ञापन में सोनम वांगचुक की लोकतांत्रिक मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा नीट परीक्षा से जुड़े विवादों के मद्देनजर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की गई।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, शिक्षा, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनआवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए।
अभिषेक कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी आगे भी जनहित के मुद्दों पर शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। कार्यक्रम के अंत में पार्टी की ओर से प्रदर्शन में शामिल सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।