Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-20

Khunti Car Accident: खूंटी में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार पुल से नाले में गिरी, चार युवक अस्पताल में भर्ती

Khunti Car Accident: झारखंड के खूंटी जिले में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पुल से करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी. हादसे में कार सवार चार युवक घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के साथ नशे की आशंका भी सामने आई है, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद होगी.
कुड़की नाला पुल पर हुआ हादसा
यह दुर्घटना खूंटी-चाईबासा मार्ग पर मुरहू थाना क्षेत्र के पंचघाघ के पास स्थित कुड़की नाला पुल पर हुई. पुलिस के मुताबिक तेज गति से जा रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल का गार्डवॉल तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे नाले में गिर गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

सूचना मिलते ही मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों के सहयोग से कार में फंसे सभी युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुरहू भेजा गया.

घायलों की पहचान और पते का हो रहा सत्यापन
घायलों की पहचान सूरज कुमार, ध्रुव राज, गौरव कुमार और कार चालक मिथुन कुमार के रूप में हुई है. सभी की उम्र 22 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है. चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि अन्य का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है.

पूछताछ के दौरान सभी युवकों ने खुद को बिहार के पटना का निवासी बताया, लेकिन अलग-अलग पते बताए. किसी ने कंकड़बाग, किसी ने बरिया बस स्टैंड और किसी ने राजेंद्र नगर का पता बताया. पुलिस अब उनकी वास्तविक पहचान और यात्रा से जुड़ी जानकारी का सत्यापन कर रही है.

मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
घायलों का इलाज कर रहे डॉ. रंजय बाला ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर सभी युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहे थे. उन्होंने शराब के अलावा किसी अन्य मादक पदार्थ के सेवन की भी आशंका जताई है. हालांकि अंतिम पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक कहां से आ रहे थे, दुर्घटना से पहले किन स्थानों पर गए थे और उनकी वास्तविक पहचान क्या है. मेडिकल और अन्य जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !