Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज मानसून का असर बना रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के करीब 22 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। हालांकि, पूरे राज्य के लिए भारी बारिश का कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
इन जिलों में बारिश के ज्यादा आसार
रांची मौसम केंद्र के मुताबिक रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, देवघर, दुमका, पाकुड़, साहिबगंज और जामताड़ा समेत कई जिलों में बारिश की संभावना अधिक है। बारिश वाले इलाकों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा।
वज्रपात और तेज हवा का खतरा, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
IMD ने पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कई जिलों में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। रांची, जमशेदपुर, बोकारो, धनबाद, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। लोगों से खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा किसानों से खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
उत्तर-पश्चिमी जिलों में उमस बरकरार
वहीं, पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने से उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि बोकारो में करीब 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने और आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।