Garhwa News: गढ़वा जिले के भंडरिया-बड़गढ़ मार्ग स्थित साल जंगल में रविवार सुबह एक युवक की कनपटी पर सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस युवक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भंडरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष कुमार और बड़गढ़ थाना प्रभारी दीपक मौर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर खून से लथपथ युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भंडरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
कनपटी पर सटाकर मारी गई गोली
स्थानीय लोगों के मुताबिक अपराधियों ने युवक की कनपटी पर बेहद करीब से गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हत्या में शामिल अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आपसी रंजिश, लूट, पुरानी दुश्मनी समेत सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।