Jamshedpur News: रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट की ओर से प्रायोजित स्कूलों और कॉलेजों के इंटरैक्ट एवं रोटरैक्ट क्लबों का स्थापना समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2026-27 के लिए नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई और युवाओं को सेवा, नेतृत्व तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ काम करने का संदेश दिया गया। इस दौरान श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में नए रोटरैक्ट क्लब की स्थापना भी की गई।
युवाओं को सेवा और नेतृत्व का संदेश
समारोह में पूर्व जिला गवर्नर प्रतीम बनर्जी और सहायक गवर्नर प्रमोद दूबे ने विभिन्न इंटरैक्ट और रोटरैक्ट क्लबों के मॉडरेटरों को रोटरी पिन देकर सम्मानित किया। रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट की अध्यक्ष गुरप्रीत भाटिया ने कहा कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सरोकार विकसित करना संगठन की प्राथमिकता है। वहीं न्यू जेनरेशन डायरेक्टर डॉ. जूही समर्पिता ने शिक्षकों और मॉडरेटरों की भूमिका को युवा नेतृत्व निर्माण में महत्वपूर्ण बताया।
नए पदाधिकारियों ने साझा की कार्ययोजना, पुराने पदाधिकारियों ने गिनाईं उपलब्धियां
कार्यक्रम में नव-निर्वाचित अध्यक्षों ने वर्ष 2026-27 के लिए अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत की, जबकि वर्ष 2025-26 के निवर्तमान पदाधिकारियों ने अपने क्लबों की सामाजिक सेवा गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह में मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल, केरल समाजम मॉडल स्कूल, चर्च स्कूल बेलडीह, विकास विद्यालय, डी.बी.एम.एस. करियर अकादमी, काशीडीह हाई स्कूल, बारीडीह हाई स्कूल और नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों के इंटरैक्ट क्लब शामिल हुए।
करीम सिटी कॉलेज समेत तीन रोटरैक्ट क्लबों की भागीदारी
समारोह में करीम सिटी कॉलेज, श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन और सामुदायिक रोटरैक्ट क्लब "सेवार्थह" के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में इंदु गांधी, डॉ. के. एम. गांधी, राजीव तलवार, अमित डे, शम्पा डे समेत कई अतिथि मौजूद रहे। सचिव ऋषि चंद्रानी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया, जबकि मंच संचालन सीमा तिवारी ने किया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सेवा और नेतृत्व के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।