Jammu Kashmir Flood News: जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में रविवार को हुई मूसलाधार बारिश ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी. कई इलाकों में अचानक आई बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोगों के लापता होने की सूचना है. प्रभावित इलाकों में सेना, पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं.
पुंछ और राजौरी सबसे ज्यादा प्रभावित
सबसे अधिक नुकसान पुंछ जिले के सुरनकोट क्षेत्र में हुआ, जहां फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से 10 लोगों की जान चली गई. वहीं राजौरी जिले में बाढ़ के दौरान एक महिला की मौत हो गई. कई गांवों और रिहायशी इलाकों में पानी भरने से लोग घरों में फंस गए, जिन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है.
कुछ ही घंटों में डूब गया पूरा इलाका
राजौरी के बेला बस स्टैंड इलाके में तड़के आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई. तेज बहाव के कारण निचले हिस्से पूरी तरह पानी में डूब गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 200 से 250 वाहन बाढ़ के पानी में बह गए. कई दुकानों और मकानों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पानी का बहाव इतना तेज था कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.
लोगों ने याद की 1992 की भीषण बाढ़
इस आपदा ने स्थानीय लोगों को तीन दशक पहले आई विनाशकारी बाढ़ की याद दिला दी. कई परिवारों का कहना है कि उनकी जमा-पूंजी, घर और सामान सब कुछ पानी में बह गया. अनेक लोग फिलहाल राहत शिविरों या खुले स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं.
मुख्यमंत्री ने हालात पर रखी नजर
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह राहत कार्यों में जुटा है. उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में हरसंभव सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. सरकार का फोकस लोगों की जान बचाने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है.
अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू संभाग के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है. राजौरी, पुंछ, कठुआ, सांबा, डोडा और किश्तवाड़ को विशेष सतर्कता वाले क्षेत्रों में रखा गया है. प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की है. खराब मौसम को देखते हुए एहतियातन अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा भी अस्थायी रूप से रोक दी गई है.