Bihar News : सिकंदरा थाना क्षेत्र के लोहंडा गांव में शनिवार देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक घर से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का दावा किया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, चोर राकेश सिंह के घर की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे, जबकि परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। बदमाश महिलाओं के जेवर रखे कमरे तक पहुंचे और बक्से समेत कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह परिजनों को चोरी की जानकारी मिली। तलाश के दौरान घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में खाली बक्सा और कुछ कपड़े बरामद हुए। परिजनों का दावा है कि 50 भर से अधिक सोने और एक किलोग्राम से ज्यादा चांदी के आभूषण चोरी हुए हैं, जिनकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये है।
बंद पड़े दूसरे मकान को भी बनाया निशाना
उसी रात चोरों ने गांव के अजय सिंह के बंद पड़े मकान में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार पिछले 15 दिनों से घर से बाहर था। आशंका है कि वहां से भी लाखों रुपये की संपत्ति चोरी हुई है। परिवार के लौटने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
सूचना मिलने पर सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।