Jamshedpur News : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित पीएम मॉल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने मॉल के मैनेजर प्रशांत सिंह पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, छेड़खानी, मारपीट, अवैध संबंध बनाने का दबाव तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बिष्टुपुर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, महिला पिछले तीन वर्षों से मॉल स्थित डाबर न्यू शॉप में कार्यरत है। उसका आरोप है कि मैनेजर लंबे समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और लगातार धमकी दी।
पीड़िता ने न्याय और सुरक्षा की लगाई गुहार
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे झूठे मामले में फंसाकर नौकरी से निकलवाने और जान से मारने की धमकी भी दी। उसने यह भी कहा कि वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवार से है, उसकी 10 वर्षीय बेटी है और नौकरी ही उसके परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा है। ऐसे में वह लगातार भय और मानसिक तनाव में जी रही है।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज, आपराधिक धमकी और अन्य लागू धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे न्याय और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
फिलहाल यह सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। मामले में पुलिस शिकायत की जांच कर रही है। आरोपी पक्ष की प्रतिक्रिया अभी सामने नहीं आई है।