Jamshedpur News: टाटा स्टील जमशेदपुर वर्क्स और टिनप्लेट डिवीजन में एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है. कंपनी की ओर से आधिकारिक सर्कुलर जारी कर विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं. इच्छुक अभ्यर्थी 23 जुलाई 2026 की रात 11:45 बजे तक आवेदन कर सकते हैं.
इन उम्मीदवारों के लिए आवेदन का अवसर
इस भर्ती के लिए मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, मेटलर्जिकल और प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में B.Tech या डिप्लोमा धारक आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा फिटर, इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट और वेल्डर ट्रेड के आईटीआई अभ्यर्थी भी पात्र हैं. B.Sc केमिस्ट्री, BBA तथा केवल एसटी वर्ग के BA उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं. अभ्यर्थी का डिग्री, डिप्लोमा या आईटीआई वर्ष 2021 या उसके बाद किसी मान्यता प्राप्त सरकारी या निजी संस्थान से पूरा होना चाहिए. वर्ष 2026 में अंतिम परीक्षा देने वाले उम्मीदवार भी आवेदन के पात्र होंगे. वहीं 1 जुलाई 2001 से 1 जुलाई 2008 के बीच जन्मे अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे. जिन उम्मीदवारों ने पहले अप्रेंटिसशिप पूरी कर ली है, बीच में छोड़ दी है या वर्तमान में कर रहे हैं, उन्हें इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा.
एक साल की ट्रेनिंग, स्टाइपेंड और प्रमाणपत्र
चयनित अभ्यर्थियों को टाटा स्टील जमशेदपुर और टिनप्लेट डिवीजन के विभिन्न विभागों में एक वर्ष की ऑन-द-जॉब प्लांट ट्रेनिंग दी जाएगी. ट्रेनिंग के दौरान Apprenticeship Act और NATS या NAPS की गाइडलाइन के अनुसार स्टाइपेंड मिलेगा, जिसका भुगतान टाटा स्टील और सरकार संयुक्त रूप से करेंगे. आईटीआई उम्मीदवारों का पंजीकरण NAPS पोर्टल पर, जबकि डिप्लोमा, B.Tech और नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट उम्मीदवारों का पंजीकरण NATS 2.0 पोर्टल पर किया जाएगा. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा तथा सफल उम्मीदवारों को SNTI की ओर से अप्रेंटिसशिप पूर्ण होने का प्रमाणपत्र दिया जाएगा. हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अप्रेंटिसशिप पूरी होने के बाद नौकरी की कोई गारंटी नहीं होगी. रहने की व्यवस्था भी उम्मीदवारों को स्वयं करनी होगी.
ऐसे करें आवेदन और होगी चयन प्रक्रिया
इच्छुक उम्मीदवार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. कंपनी की ओर से जारी क्यूआर कोड स्कैन करके भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. चयन प्रक्रिया में सबसे पहले ऑनलाइन लिखित परीक्षा होगी. इसके बाद दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा. लिखित परीक्षा की तिथि और अन्य जरूरी जानकारी अभ्यर्थियों को उनकी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी.