Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-18

Jharkhand Voter List Revision: SIR-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची का काम तेज, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जमशेदपुर और ईचागढ़ के बूथों का किया औचक निरीक्षण

Jharkhand Voter List Revision: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का काम तेजी से जारी है. इसी क्रम में शनिवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर पश्चिमी और सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए.

जमशेदपुर और कपाली के बूथों पर पहुंचे अधिकारी
निरीक्षण के दौरान सुबोध कुमार ने जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के आजादनगर स्थित मतदान केंद्र संख्या 271 से 283 तक का दौरा किया. इसके बाद उन्होंने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कपाली इलाके में मतदान केंद्र संख्या 329 से 334 का निरीक्षण किया.

उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा मतदाताओं से इन्यूमरेशन फॉर्म लेने, दस्तावेजों की जांच करने और फॉर्म के डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया का विस्तार से जायजा लिया.

विशेष सहायता शिविरों में मिल रही मदद
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के निर्देश पर राज्य के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई को विशेष सहायता शिविर लगाए जा रहे हैं. इन शिविरों में मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने के साथ-साथ उसे भरने, जरूरी दस्तावेज जोड़ने और BLO के पास जमा करने में भी सहायता दी जा रही है. निर्वाचन विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से छूटने न पाए.

20 जुलाई तक फॉर्म जमा करने की अपील
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि जिन्होंने अब तक अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं किया है, वे 20 जुलाई तक हस्ताक्षरित फॉर्म अपने संबंधित BLO को अवश्य सौंप दें. उन्होंने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं तक फॉर्म पहले ही घर-घर पहुंचाए जा चुके हैं.

5 अगस्त को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची
उन्होंने कहा कि केवल उन्हीं मतदाताओं का नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा, जिन्होंने समय पर अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जमा किया होगा. इसलिए सभी मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !