Rahul Gandhi On Sonam Wangchuk: जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने सरकार पर बोला हमला
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि मोदी सरकार का मूल सिद्धांत "असत्य और हिंसा" है. उन्होंने कहा कि अहिंसक तरीके से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाना गलत कदम है. राहुल गांधी ने यह भी कहा कि पेपर लीक, शिक्षा का बढ़ता खर्च और छात्रों की आत्महत्या जैसे मुद्दे देश के भविष्य से जुड़े गंभीर सवाल हैं, जिन पर सरकार को जवाब देना चाहिए.
पुलिस ने जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल पहुंचाया
शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर पहुंची और सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस का कहना है कि यह कदम उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति और मेडिकल सलाह के आधार पर उठाया गया. इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति भी बनी रही.
अभिजीत दीपके ने लगाए गंभीर आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ बल प्रयोग किया और जबरन सोनम वांगचुक को वहां से ले गई. हालांकि पुलिस की ओर से इन आरोपों पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
वांगचुक के बाद दीपके ने शुरू किया अनशन
बताया जा रहा है कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर CJP पिछले करीब एक महीने से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है. इसी आंदोलन के तहत सोनम वांगचुक पिछले 21 दिनों से भूख हड़ताल पर थे. उनके अस्पताल ले जाए जाने के बाद अभिजीत दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है.